मंगलवार, 11 अगस्त 2015

विज्ञान संगोष्ठी की रूप रेखा तय, तेरह को होगा आयोजन

बस्ती: राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उत्तर प्रदेश इलाहाबाद द्वारा माध्यमिक स्कूलों के कक्षा आठ से दस तक के विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने, व्यक्तित्व विकास, वैज्ञानिक चिंतन तथा अनुसंधान की प्रवृत्ति जागृत करने के उद्देश्य से विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन आगामी तेरह अगस्त को राजकीय बालिका इंटर कालेज बस्ती के सभागार में किया गया है।
संगोष्ठी की तैयारी को लेकर विभागीय जिम्मेदार हर स्तर पर गंभीरता बरत रहे है, जिससे आयोजन केवल खानापूर्ति तक सीमित न रह जाय। पहले यह संगोष्ठी 12 अगस्त को होनी थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर अवकाश होने के चलते अब तेरह अगस्त हो तिथि निर्धारित की गई है। प्रात दस बजे से शुरू होने वाली संगोष्ठी में इस बार का विषय, प्रकाश उपयोग संभावनाएं एवं चुनौतियां है। संगोष्ठी का आयोजन तीन ब्लाक, जिला व मंडल स्तरों पर किया जाएगा। जिसमें राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के छात्र छात्राएं शामिल होगी। निर्धारित चयन प्रक्रिया में जनपद स्तर से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी मंडल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। मंडल स्तर पर प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले मेधावी राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
यह बनाया गया है मानक:
- ¨हदी, अंग्रेजी अथवा अन्य मान्य भारतीय भाषा में प्रतिभागी को मुख्य विषय पर अधिकतम छह मिनट का व्याख्यान देना होगा। इसके बाद निर्णायक मंडल द्वारा उक्त विषय से संबंधित बिंदुओं पर प्रतिभागी से दो मिनट का प्रश्नोत्तर का समय निर्धारित किया गया है। प्रतिभागी से अधिकतम तीन सवाल पूछे जाएंगे, जिसमें से दो मिनट में दो प्रश्नों को उत्तर देना अनिवार्य होगा।
- जिला एवं मंडल स्तर पर निर्णायक निर्धारित समय पर प्रतिभागियों से प्रश्न पूछेंगे और दो मिनट के भीतर प्रश्नोत्तरी के द्वारा प्रतिभागी की योग्यता का मूल्यांकन करेंगे।
- दस अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें बीस लघुउत्तरीय प्रश्न होंगे।
- प्रतिभागी सम्भाषण के दौरान अधिकतम पांच सहायक चित्रों, स्लाइड, चार्ट आदि का प्रयोग कर सकते है।
संगोष्ठी की तैयारी पूरी
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. राजेश कुमार आर्य ने बताया कि संगोष्ठी को लेकर हर स्तर पर गंभीरता बरती जा रही है। तैयारी पूरी कर ली गई है। छात्र-छात्राओं के चहुमुंखी विकास के लिए पूरा विभाग सामूहिक प्रयास कर रहा है। सभी प्रधानाचार्यो को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें