बस्ती : श्रावण कृष्ण पक्ष त्रयोदशी पर्व पर देवाधि-देव का कांवर के जल से अभिषेक करने के लिए उनके भक्त निकल पडे़ हैं। शिव-शंकर के अनन्य भक्त श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या को छूकर बहने वाली पावन सरयू नदी का पवित्र जल भरकर लाएंगे और जलाभिषेक करने के बाद ही चैन लेंगे। राह में हर मुश्किल को पार करते हुए बोल बम का नारा लगाने से पार हो जाती है।
इस दौरान देश, दुनिया से अलग कांवर यात्री भोले के 'संसार' में डूबे रहेंगे। भक्त भोले नाथ के हैं और उनसे मिलन की राह में है तो जश्न कैसे न मनाएं? टोका-टोकी के बावजूद डीजे की धुन पर झूम रहे कांवर यात्री रविवार को हर रास्तों पर दिखाई दिए। मिनट-दर-मिनट उनकी तादात बढ़ती गई।
दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में भोले के भक्त निकल पडे़ हैं। हालांकि तमाम ऐसे कांवर यात्री भी तैयारी में जुटे हैं जो मोटरसाइकिल से अंतिम रात ही घर से निकलेंगे। जबकि कई सोमवार को जल भरने रवाना होंगे।
---------------------
गेरुआ वस्त्रधारी पुलिस कर्मी रखेंगे निगरानी
- कांवर यात्री के वेश में असामाजिक तत्व गड़बड़ी फैला सकते हैं। इसे रोकने के लिए इस बार कांवरियों के साथ उसी वेश में पुलिस कर्मी भी कांवर उठाएंगे। बाकायदा गेरुआ धारी भी शामिल रहेंगे। ताकि ऐसे लोगों पर निगरानी की जा सके।
----------------------
इन स्थानों पर होगा डायवर्जन
- टांडा-बस्ती मार्ग पर फुटहिया से हाईवे पर आने के बाद पुराने अमहट की ओर से आवागमन बंद रहेगा। शहर के अंदर आने के लिए हाईवे होकर मूड़घाट चौराहे और बडे़वन चौराहे से होकर आना होगा।
- पुराना डाकखाना की ओर से कोर्ट तिराहे से बस्ती क्लब की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- शास्त्री चौक से आगे रामचंद्र शुक्ल तिराहे की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
- सिविल लाइन तिराहे पर बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। उधर सोनूपार से कैली रोड खुला रहेगा, मगर कंपनीबाग रोड पर वाहन नहीं जाने दिया जाएगा।
नोट- भीड़ का दबाव व मौके की जरूरत को देखते हुए फेरबदल भी किया जा सकता है।
-----------------
पुलिस-पीएसी की इतनी फौज मुस्तैद
- कांवर मेले के दौरान 23 इंस्पेक्टर, 92 सब इंस्पेक्टर, 3 महिला उप निरीक्षक, 780 कांस्टेबल-हेडकांस्टेबल, 61 महिला आरक्षी, एक कंपनी पीएसी, पांच फायर टेंडर के अलावा दो सौ होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए हर्रेया, पुलिस लाइन, भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर और कंट्रोल रूम में रिजर्व पुलिस बल तैयार रहेगा।
---------------
विद्यालयों को बंद करने की मांग
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने कांवर मेले के दौरान हसाईवे के किनारे के इंटर व हाई स्कूलों को बंद करने की मांग की है। जिला मंत्री जय प्रकाश मिश्र के मुताबिक विपरीत दिशा से कांवरियों का हुजूम लौटेगा, इसलिए शिक्षक व छात्रों का हाईवे होकर आवागमन असुरक्षित है। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें