रविवार, 9 अगस्त 2015

कांवरियों के स्वागत को लगे स्टाल


 बस्ती : रविवार की सुबह से ही गाजे बाजे के साथ कांवरियों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हो रहा है तो जल लेकर वापस लौटते समय उनके स्वागत व सेवा को लेकर तमाम स्वयंसेवी संगठनों ने अपनी कमर कस ली है।जगह-जगह स्टाल लगाकर लोग श्रद्धालुओं की सेवा करने को आतुर दिख रहे हैं।
कांवर मेले को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर है। एक सप्ताह से उपनगर के साथ ही क्षेत्र के तमाम गांवों में भी लोगों में खासा उत्साह है। शनिवार की रात व रविवार की शाम से ही डीजे की धुन पर नाचते-गाते कांवरियों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ तो लोग अपने घर की छतों पर चढ़ कर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। रविवार की रात से ही कांवरियों का जत्था अयोध्या के सरयू तट से जल लेकर रवाना होगा जिसके बाद जगह-जगह उनके स्वागत व सेवा को लेकर स्वयंसेवी संगठनों के साथ ही व्यापारियों व अन्य लोगों ने तैयारी कर ली है। घघौवा पुलिस चौकी से लेकर कप्तानगंज तक जगह-जगह राजमार्ग पर लोग पंडाल व टेंट लगाकर कांवरियों की सेवा करने को आतुर हैं। हर्रैया उपनगर में आधा दर्जन स्थानों पर कांवरियों के स्नान, भोजन, चिकित्सा व अन्य सुविधाओं के लिए स्टाल लगाए जा चुके हैं। यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस भी सक्रिय है। हालांकि कांवर मेले को देखते दो दिनों तक हाईवे को बंद करने का निर्णय लिया गया है फिर भी जगह-जगह बैरिकेटिंग व पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें